रांची: झारखंड के देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 21 लोग घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब कांवड़ियों से भरी एक बस गैस सिलेंडर लदे ट्रक से सीधी टक्कर में भिड़ गई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे “अत्यंत दुखद” बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मृत श्रद्धालुओं के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन राहत व बचाव कार्य में जुटा हुआ है और घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
सीएम ने लिखा,
“आज सुबह देवघर के मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास बस दुर्घटना में बस सवार श्रद्धालुओं की मृत्यु की अत्यंत दुःखद सूचना मिली है। बाबा बैद्यनाथ इनकी आत्मा को शांति दें और परिवारजनों को इस दुःख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
हादसे का दृश्य बेहद भयावह
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कांवड़ियों से भरी बस श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम में जल अर्पण के लिए जा रही थी। तभी जमुनिया चौक के पास यह बस एक गैस सिलेंडर से लदे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एनडीआरएफ, और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने में टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घायल अस्पताल में भर्ती, कुछ की हालत गंभीर
घटना में 21 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से चार की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों को देवघर सदर अस्पताल और नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है। ट्रैफिक डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद ने हादसे की पुष्टि की और बताया कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
इलाके में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार की निगरानी कर रहे हैं।