राघोपुर /वैशाली : राघोपुर अंचल कार्यालय में शनिवार को जमीन से जुड़े मामलों के समाधान के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार की अध्यक्षता अंचल अधिकारी दीपक कुमार ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भूमि विवाद से जुड़े मामलों का निष्पक्ष एवं त्वरित समाधान करना था।
जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। लोगों ने जमीन मापी, दाखिल – खारिज , अतिक्रमण और आपसी विवाद से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। अंचलाधिकारी ने सभी मामलोंको गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान रुस्तमपुर थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार भी उपस्थित रहे। साथ ही राघोपुर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने भी भाग लिया । दोनों थानाध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े मामलों में सक्रिय सहयोग दिया।
पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि जमीन विवाद को लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। अंचलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी मामलों का निष्पादन नियमानुसार किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया। जनता दरबार में आए लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया गया।
कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।
शेष मामलों को जांच कर जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया गया। इस पहल से स्थानीय लोगों में संतोष देखा गया। लोगों ने प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की ।
अंचलाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार आगे भी नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील किया कि वे अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखें। इस तरह के आयोजन से जमीन विवादों में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।