जौनपुर (उत्तर प्रदेश): जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कचगांव अंडरपास के पास एक दुकान में पिता और उसके दो बेटों की संदिग्ध हालात में हत्या कर दी गई। यह ट्रिपल मर्डर सोमवार देर रात हुआ, जिसका खुलासा मंगलवार सुबह तब हुआ जब परिवार का एक सदस्य खाना लेकर दुकान पर पहुंचा।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर कांध निवासी लालजी की कचगांव अंडरपास के पास एक दुकान और वर्कशॉप थी। सोमवार रात काम अधिक होने की वजह से वे अपने दो बेटों यादवीर और गुड्डू के साथ दुकान पर ही रुक गए थे। सुबह जब परिवार का एक सदस्य उन्हें खाना देने पहुंचा, तो तीनों के शव खून से सने हुए हालत में पड़े मिले।
सूचना मिलते ही पुलिस के कई थानों की टीमें मौके पर पहुंचीं और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों की हत्या हथौड़े या किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर की गई है।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बाईपास पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शांत करने की कोशिश की और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहराई से जांच कर रही है। घटना से पूरे इलाके में संसनी फैल गई है और लोग दहशत में हैं।