कानपुर लेम्बोर्गिनी हादसे में नाटकीय मोड़, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, कुछ घंटों में मिली जमानत

Kanpur Lamborghini accident turns dramatic, main accused arrested, granted bail within hours

कानपुर: शहर के चर्चित लेम्बोर्गिनी एक्सीडेंट मामले में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। पुलिस ने हादसे के मुख्य आरोपी और तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद अदालत से उसे जमानत मिल गई। कुल मिलाकर आरोपी करीब सात घंटे तक पुलिस हिरासत में रहा। रविवार को हुए हादसे के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

बीमारी की हालत में कोर्ट पहुंचा आरोपी
गिरफ्तारी के बाद शिवम मिश्रा को जब अदालत में पेश किया गया तो वह अस्वस्थ दिखाई दिया। उसके हाथ में वीगो (कैनुला) लगी थी और वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। पुलिसकर्मियों और परिजनों के सहारे उसे कोर्ट रूम तक ले जाया गया। जानकारी के मुताबिक, उसके साथ दिल्ली से आए एक फैमिली डॉक्टर भी मौजूद थे। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे जमानत दे दी।

गिरफ्तारी के लिए बनी थीं पांच टीमें
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस ने पांच विशेष टीमें गठित की थीं। मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिवम मिश्रा कानपुर में ही मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अदालत में पेश किया।

क्या था मामला?
रविवार दोपहर ग्वालटोली क्षेत्र के वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी कार ने पहले एक ऑटो और फिर एक बुलेट सवार को टक्कर मार दी थी। अनियंत्रित कार फुटपाथ पर चढ़ गई, जिससे चार लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद पीछे चल रही एक अन्य कार से आए सुरक्षाकर्मियों ने चालक को निकालने की कोशिश की, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। भीड़ ने कार का शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला था।

दौरा पड़ने की दलील
बचाव पक्ष की ओर से दावा किया गया था कि चालक को अचानक दौरा पड़ने के कारण कार से नियंत्रण खो गया। हालांकि पुलिस जांच में अब तक यह सामने आया है कि घटना के समय वाहन शिवम मिश्रा ही चला रहा था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment