खगड़िया: ट्रेन की पटरी के बिल्कुल पास बना ‘छुरकी मकान’ बना चर्चा का केंद्र, सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल

बिहार के खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र के कुतुबपुर मोहल्ले में बना एक अनोखा मकान इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। अजीबोगरीब बनावट और अनोखे स्थान की वजह से लोग इसे अब “छुरकी मकान” कहकर पुकारने लगे हैं।

यह तीन मंजिला मकान चौथम थाना क्षेत्र के मालपा निवासी सुनील कुमार का है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि मकान के बिलकुल पीछे से हर दिन ट्रेन गुजरती है, जिससे घर हल्का-सा हिलता है। हालांकि, सुनील को इससे कोई डर नहीं है। उन्होंने बताया कि साल 2016 में उन्होंने खगड़िया-बकरी पथ पर स्थित कुतुबपुर में एक कट्ठा जमीन 20 लाख रुपये में खरीदी थी।

करीब ढाई साल पहले बने इस मकान में 6 स्टॉल और 6 कमरे हैं, साथ ही बाथरूम की भी पूरी सुविधा है। सुनील कुमार ने बताया कि वह इसी मकान से छड़, सीमेंट, बालू, गिट्टी आदि का व्यापार करते हैं और अब पूरा परिवार गांव छोड़कर यहीं रहने लगा है।

सुनील का दावा है कि मकान पूरी तरह सुरक्षित है। हवा और रोशनी की निकासी बेहतर है, और अब तक किसी तरह की कोई समस्या नहीं आई है। उन्होंने यह भी बताया कि साल 2020 में जब 4.1 तीव्रता का भूकंप आया था, तब भी इस मकान को कोई नुकसान नहीं हुआ।

हंसते हुए सुनील कहते हैं, “ट्रेन गुजरती है तो घर थोड़ा हिलता है, लेकिन डर नहीं लगता।” जब उनसे पूछा गया कि इस अनोखे मकान का नक्शा किसने तैयार किया, तो उन्होंने बताया कि यह डिजाइन खगड़िया नगर परिषद के इंजीनियर नीरज कुमार द्वारा तैयार किया गया था।

अब यह मकान न सिर्फ खगड़िया में बल्कि सोशल मीडिया पर भी लोगों की जिज्ञासा और कौतूहल का विषय बना हुआ है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment