बिहार में बीते 9 वर्षों से पूर्ण शराबबंदी लागू है, लेकिन इसके बावजूद शराब का अवैध धंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा। शराब तस्कर चोरी-छिपे ऊंचे दामों पर शराब बेच रहे हैं और शराब की होम डिलीवरी भी लगातार जारी है।
ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सहरसा जिले में सामने आया है, जहां रूई के गोदाम की आड़ में शराब का गोरखधंधा चलाया जा रहा था।
आग लगने पर हुआ खुलासा
घटना सहरसा के सुलिंदाबाद रोड स्थित भारतीय नगर, वार्ड संख्या 42 की है। यहां 12 अगस्त की शाम एक किराए के रूई के गोदाम में आग लग गई थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन जब पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू की तो एक बड़ा खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि कश्यप गुप्ता नामक व्यक्ति ने यह गोदाम किराए पर लेकर वहां से अवैध रूप से विदेशी शराब की तस्करी शुरू कर रखी थी।
गोदाम से मिली विदेशी शराब
सहरसा टीओपी-2 के प्रभारी अवर निरीक्षक सनोज वर्मा के आवेदन पर सदर थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस की तलाशी के दौरान एक कमरे से उजले रंग के बोरे में छिपाकर रखी गई शराब बरामद की गई।
बरामद शराब में शामिल हैं:
- रॉयल ग्रीन ब्रांड की 750ml की 12 बोतलें
- ब्लेंडर्स प्राइड ब्रांड की 750ml की 7 बोतलें
कुल मिलाकर 14.25 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है।
मीडिया को अंदर जाने से रोका गया था
सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि आग लगने के समय मीडिया कर्मियों को मौके पर जाने से रोका गया था, जिससे संदेह की स्थिति बनी। बाद में जांच में शराब की तस्करी की पुष्टि हो गई।
केस दर्ज, छापेमारी जारी
पुलिस ने मामले में बिहार मध्य निषेध एवं उत्पाद संशोधन अधिनियम 2022 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। फिलहाल तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन अब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
यह मामला एक बार फिर बिहार में शराबबंदी की सख्ती पर सवाल खड़ा करता है, जहां कानून तो है, लेकिन उसका उल्लंघन खुलेआम जारी है।