दुबई/नई दिल्ली: दुबई एयर शो-2025 में भारत के स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस Mk-1A ने जोरदार प्रदर्शन कर दुनिया भर का ध्यान खींचा था, उसी कार्यक्रम में आज दोपहर भयानक हादसा हो गया। स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:10 बजे एयर शो के दौरान प्रदर्शन कर रहा भारतीय वायुसेना का तेजस फाइटर जेट अचानक नियंत्रण खो बैठा और जमीन पर जा गिरा।
वीडियो ने बढ़ाई चिंता, पायलट नहीं कर सके इजेक्ट
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि ऊंचाई पर कलाबाजी दिखाते हुए तेजस अचानक नोज-डाइव करने लगा और कुछ ही सेकंड में धरती पर टकराकर आग का गोला बन गया। सबसे दुखद बात यह है कि पायलट समय रहते इजेक्ट नहीं कर पाए और इस हादसे में उनकी वीरगति हो गई। भारतीय वायुसेना ने पायलट के शहीद होने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
निर्यात सपनों को बड़ा झटका
हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा निर्मित तेजस को भारत सरकार आक्रामक रूप से अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रमोट कर रही थी। मलेशिया, अर्जेंटीना, मिस्र, फिलिपीन जैसे कई देशों से बातचीत अंतिम चरण में चल रही थी। दुनिया के सबसे बड़े एयर शो में हुई यह दुर्घटना निश्चित रूप से तेजस के निर्यात अभियान को तगड़ा झटका देगी।
दूसरा बड़ा हादसा
यह तेजस का दूसरा भयानक क्रैश है। इससे पहले मार्च 2024 में राजस्थान के जैसलमेर के निकट पोखरण फायरिंग रेंज में एक तेजस ट्रेनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, हालांकि उस हादसे में दोनों पायलट सुरक्षित इजेक्ट कर बच गए थे।
वायुसेना और HAL ने संयुक्त जांच समिति गठित कर दी है। दुबई में मौजूद भारतीय दल दुर्घटना के मलबे को सुरक्षित कर रहा है। हादसे के सटीक कारणों का पता अभी तक नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक आशंका तकनीकी खराबी की है।
देश इस वीर पायलट को भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहा है।