नई दिल्ली: यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे एक बड़े विस्तार की ओर बढ़ रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि देशभर में जल्द ही 150 नई पैसेंजर ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों से खासतौर पर छोटी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
रेल मंत्री ने बताया कि इन नई ट्रेनों के साथ-साथ मौजूदा पैसेंजर ट्रेनों को भी आधुनिक बनाया जाएगा। अब तक रेलवे 1200 अतिरिक्त जनरल कोच जोड़ चुका है, जिससे यात्रियों को सस्ती और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिल रहा है और भीड़भाड़ में भी कमी आई है।
इसके अलावा, रेलवे जल्द ही 100 नई मेन लाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट्स (MEMU) और 50 नई ‘नमो भारत’ एसी ट्रेनें शुरू करने की योजना पर भी काम कर रहा है। ये घोषणा हरियाणा के मानेसर में देश के सबसे बड़े गति शक्ति मल्टीमॉडल कार्गो टर्मिनल के उद्घाटन के अवसर पर की गई।
रेल मंत्री के अनुसार, नई MEMU ट्रेनें 16 और 20 कोच की होंगी, जबकि वर्तमान में चल रही ट्रेनें आमतौर पर 8 या 12 कोच की होती हैं। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करना और बढ़ती यात्री संख्या को आसानी से समायोजित करना है।
टिकट बुकिंग प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए नया टिकटिंग सिस्टम भी जल्द लागू किया जाएगा। अहमदाबाद-भुज और पटना-जयनगर के बीच शुरू की गई ‘नमो भारत’ एसी ट्रेनों को यात्रियों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है, इसी को देखते हुए 50 और ट्रेनों को जोड़ा जा रहा है।
रेलवे के इन प्रयासों से लाखों यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और छोटे रूट्स पर यात्रा करना और भी आसान हो जाएगा।