पटना: बिहार की राजनीति में आज बड़ा और ऐतिहासिक दिन है। पिछले 20 वर्षों से राज्य के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं। सुबह 11 बजे वे अपनी सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक में शामिल होंगे, जिसके बाद लोकभवन जाकर राज्यपाल को अपना त्यागपत्र सौंपेंगे।
इस्तीफे के बाद भाजपा विधायक दल की बैठक दोपहर में आयोजित की जाएगी, जिसमें नया नेता चुना जाएगा। भाजपा विधायक दल का नेता ही एनडीए सरकार का अगला मुख्यमंत्री बनेगा।
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान पटना पहुंच रहे हैं। दोपहर 3 बजे भाजपा विधानमंडल दल की बैठक होगी, जिसमें नेता का चयन किया जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम चर्चा और मुहर लगेगी।
भाजपा विधायक दल के नेता के चयन की प्रक्रिया को देखने के लिए शिवराज सिंह चौहान मंगलवार सुबह 11 बजे पटना पहुंचेंगे। वे पहले राजकीय अतिथिशाला जाएंगे और फिर भाजपा प्रदेश कार्यालय में नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
इसके बाद भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), राष्ट्रीय लोक मोर्चा और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के विधायक मुख्यमंत्री आवास पर एकत्रित होंगे, जहां एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी। इस बैठक में भाजपा विधायक दल के चुने गए नेता के नाम पर सहमति बनते ही उन्हें एनडीए का अगला मुख्यमंत्री घोषित कर दिया जाएगा।