बिहार में सियासी सस्पेंस खत्म, सम्राट चौधरी होंगे नए मुख्यमंत्री

Political Suspense Ends in Bihar: Samrat Chaudhary to be the New Chief Minister

पटना— बिहार की राजनीति में जारी उठापटक का दौर आखिरकार समाप्त हो गया है। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया, जिससे उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, सम्राट चौधरी बुधवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

इससे पहले पटना स्थित भाजपा कार्यालय में केंद्रीय कृषि मंत्री और राज्य के पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में विधायक दल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विजय कुमार सिन्हा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सर्वसम्मति से लिए गए फैसले के बाद शिवराज सिंह चौहान ने सम्राट चौधरी के नाम का औपचारिक ऐलान किया।

नई जिम्मेदारी मिलने पर सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए वे हृदय से धन्यवाद देते हैं।
वहीं, उन्हें विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद बधाइयों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। उपेंद्र कुशवाहा ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उनके लिए नई जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण अवसर है।

गौरतलब है कि इससे पहले नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात कर अपना त्यागपत्र सौंपा और सभी औपचारिकताएं पूरी कीं। इस्तीफे के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए अपने कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया और सभी वर्गों के लिए किए गए प्रयासों को याद किया।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment