मधुबनी में टला बड़ा रेल हादसा, इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन में फंसी बाइक

Major Rail Disaster Averted in Madhubani: Bike Gets Stuck in Intercity Express Engine

मधुबनी : बिहार के मधुबनी जिले में जयनगर-दरभंगा रेलखंड पर एक बड़ा रेल हादसा टल गया। ट्रेन चालक की सूझबूझ और सतर्कता के कारण बड़ा नुकसान होने से बच गया। राजनगर और खजौली स्टेशन के बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन में एक मोटरसाइकिल फंस जाने से करीब 15 से 20 मिनट तक रेल परिचालन प्रभावित रहा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इंजन में फंसी बाइक, मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, जयनगर से पटना जा रही ट्रेन संख्या 15549 इंटरसिटी एक्सप्रेस जैसे ही खजौली रेलवे गुमटी के पास पहुंची, तभी अचानक एक बाइक इंजन से टकराकर उसमें फंस गई। घटना के तुरंत बाद ट्रेन को रोका गया और स्थानीय लोग व रेलकर्मी बाइक को इंजन के नीचे से निकालने में जुट गए।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लोग इंजन में फंसी मोटरसाइकिल को बाहर निकालते दिखाई दे रहे हैं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री या स्थानीय व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बंद फाटक पार करने की कोशिश बनी वजह
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि रेलवे फाटक बंद होने के बावजूद कोई व्यक्ति जल्दबाजी में बाइक लेकर पटरी पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान ट्रेन को करीब आता देख वह बाइक छोड़कर भाग गया, जिसके बाद मोटरसाइकिल ट्रेन के इंजन में फंस गई।

इस घटना को रेलवे फाटक बंद होने के दौरान लापरवाही बरतने वालों के लिए बड़ी चेतावनी माना जा रहा है। थोड़ी सी असावधानी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।

जीआरपी जांच में जुटी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान कर ली गई है। फिलहाल जीआरपी मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। इंजन से बाइक हटाने के बाद ही ट्रेन परिचालन को दोबारा शुरू किया गया।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment