तेहरान: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनावपूर्ण माहौल के बीच दुनिया के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दोनों देशों ने रणनीतिक रूप से बेहद अहम समुद्री व्यापार मार्ग ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ (होर्मुज जलडमरूमध्य) को लेकर एक महत्वपूर्ण सहमति जताई है। समझौते के तहत अमेरिका अपनी नौसैनिक नाकाबंदी में ढील देगा, जबकि ईरान चरणबद्ध तरीके से इस जलमार्ग को फिर से खोलने के लिए तैयार हो गया है। माना जा रहा है कि गुरुवार को बढ़े तनाव के बाद यह बड़ा फैसला लिया गया।
फंसे जहाजों को जल्द मिलेगी आवाजाही की अनुमति
अरबी मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के अनुसार, इस सहमति के बाद अगले कुछ घंटों में होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे व्यापारिक और तेल के जहाजों को सुरक्षित रूप से गुजरने की अनुमति दी जा सकती है। अमेरिका-ईरान संघर्ष के दौरान ईरान ने सख्त रुख अपनाते हुए इस जलमार्ग को बंद कर दिया था। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति का प्रमुख मार्ग माना जाता है और इसके बंद होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा संकट गहरा गया था। तेल और गैस की कीमतों में भी भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
ट्रंप की चेतावनी के बाद बढ़ा दबाव
बताया जा रहा है कि इस सहमति के पीछे अमेरिका का सैन्य और कूटनीतिक दबाव भी बड़ी वजह रहा। तनाव के दौरान एक अमेरिकी लड़ाकू विमान ने ईरान के एक तेल टैंकर पर हमला किया था, जिसमें टैंकर के दिशा नियंत्रित करने वाले हिस्से को नुकसान पहुंचा। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि जल्द शांति समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका और बड़े हमले कर सकता है।
हालांकि, अब तक अमेरिका और ईरान की ओर से इस समझौते पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन वैश्विक व्यापार और ऊर्जा बाजार ने इस खबर से राहत की सांस ली है।