भोजपुरी सितारों की एंट्री से बिहार चुनाव में बढ़ी सियासी गर्मी, खेसारी और पवन सिंह में जुबानी जंग तेज

The entry of Bhojpuri stars has increased the political heat in the Bihar elections, intensifying the war of words between Khesari and Pawan Singh.

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव का रंग इस बार भोजपुरी कलाकारों की सक्रिय भागीदारी से और भी चटख हो गया है। जहां कुछ कलाकार सीधे चुनावी मैदान में उतर गए हैं, वहीं कई अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के लिए प्रचार की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

छपरा सीट से भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव राजद के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि करगहर से गायक रितेश पांडेय जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी हैं। वहीं अभिनेत्री ज्योति सिंह भी चुनावी अखाड़े में उतर चुकी हैं। दूसरी ओर, पवन सिंह, मनोज तिवारी, रवि किशन और दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार अभियान चला रहे हैं।

इस बीच, कटिहार में मीडिया से बातचीत के दौरान पवन सिंह ने खेसारी लाल यादव पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “वो खुद पागल हो चुका है, दूसरों को क्या पागल बनाएगा। हम मर्यादा में रहकर काम करते हैं, तू-तड़ाम में नहीं उतरते।”

दरअसल, कुछ दिन पहले खेसारी लाल ने बयान दिया था कि “भोजपुरी के चारों सुपरस्टार को हम चार दिन में पागल कर देंगे।” इसी बयान पर पवन सिंह ने पलटवार किया।

खेसारी के इस आरोप पर कि भाजपा धर्म की राजनीति कर रही है, पवन सिंह ने जवाब दिया, “हमको पूजा-पाठ भी करना है और विकास का काम भी — दोनों हमारी जिम्मेदारी है।”

वहीं खेसारी लाल ने भी पवन सिंह पर व्यक्तिगत हमला करते हुए कहा था कि “पवन भैया ने मेरी पत्नी को लेकर मीडिया में जो कहा, वो सबको पता है। मैंने लोकसभा चुनाव में उनके लिए दिल से प्रचार किया था, मेरे पिता ने भी उन्हें आशीर्वाद दिया था, लेकिन उन्होंने छपरा में मेरे खिलाफ प्रचार किया। यही हमारे बीच का फर्क है।”

भोजपुरी सिनेमा के इन सुपरस्टार्स के बीच की यह जुबानी जंग अब चुनावी माहौल को और गरम कर रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार बिहार का चुनाव मनोरंजन और राजनीति का दिलचस्प संगम बन गया है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment