महोदीपुर में किसान के मकान में भीषण चोरी, गोदरेज तोड़कर लाखों की नकदी और जेवरात ले उड़े चोर

Major theft at a farmer's house in Mahodipur; thieves break open Godrej safe and make off with cash and jewelry worth lakhs

विशाखापट्टनम में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल के घर को बनाया निशाना, एसआईटी गठित; जल्द खुलासे का दावा

पश्चिमी चंपारण/मझौलिया (चौथी वाणी): मझौलिया थाना क्षेत्र के महोदीपुर वार्ड संख्या-15 में बुधवार देर रात चोरों ने विशाखापट्टनम में पदस्थापित लेफ्टिनेंट कर्नल के घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अपराधी मकान की पहली मंजिल की खिड़की का ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे और किसान कृष्ण कुमार सिंह के घर में रखी गोदरेज अलमारी का लॉक तोड़कर करीब 9 लाख रुपये नकद तथा लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। इसके अलावा कीमती कपड़े भी चोरी होने की बात कही गई है।

घटना के समय घर में मौजूद थे परिवार के सदस्य

घटना के समय घर में किसान कृष्ण कुमार सिंह, उनकी पत्नी आशा सिंह तथा लेफ्टिनेंट कर्नल के नाना अमरनाथ सिंह मौजूद थे। चोरी की जानकारी मिलते ही मझौलिया थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और खोजी कुत्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

कीमती सामान रखी अलमारी को ही बनाया निशाना

परिजनों के अनुसार, अपराधियों ने उसी कमरे और उसी गोदरेज अलमारी को निशाना बनाया, जिसमें नकदी, कीमती जेवरात और रेशमी कपड़े रखे हुए थे। इस बड़ी चोरी की घटना ने पुलिस और स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है।

मुंडन समारोह के कारण घर में रखे थे जेवर

विशाखापट्टनम में पदस्थापित लेफ्टिनेंट कर्नल पवन कुमार ने बताया कि बीते 17 जून को उनकी बहन के बेटे का मुंडन समारोह था। इसी कार्यक्रम के लिए बैंक लॉकर से जेवर निकाले गए थे और एक-दो दिन के भीतर उन्हें वापस बैंक में जमा करना था। इसी बीच चोरी की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जमीन रजिस्ट्री के लिए रखे थे 9 लाख रुपये

परिजनों ने बताया कि इसी सप्ताह एक जमीन की रजिस्ट्री होनी थी। इसके लिए घर में 9 लाख रुपये नकद रखे गए थे, जिन्हें भी चोर अपने साथ ले गए।

एसआईटी गठित, कई संदिग्धों से पूछताछ

घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अमर कुमार और सदर एसडीपीओ अजित कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसडीपीओ ने बताया कि मामले के उद्भेदन के लिए एसआईटी का गठन किया गया है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।

थाने से महज आधा किलोमीटर दूर हुई वारदात

यह चोरी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है, क्योंकि घटना मझौलिया थाना से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर हुई। वारदात के बाद पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment