हिंसक विरोध में छह ग्रामीण घायल, पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात
पश्चिमी चंपारण/बगहा/वाल्मीकिनगर (चौथी वाणी): वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र के ठाड़ी गांव के समीप गुरुवार को वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई उस समय हिंसक हो गई, जब वन विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीण आमने-सामने आ गए। कार्रवाई के दौरान खेत में लगी गन्ने की फसल को बुलडोजर से जोते जाने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और ग्रामीण जुट गए तथा विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान एक जेसीबी मशीन में आग लग गई, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।
छह ग्रामीण घायल, कराया गया प्राथमिक उपचार
घटना में उत्तर मुखिया, लक्ष्मी नारायण, इंदल महतो, सरल मुखिया सहित एक महिला समेत कुल छह ग्रामीण घायल हो गए। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
अतिक्रमण हटाने पहुंची थी वन विभाग की टीम
जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से दल-बल के साथ ठाड़ी गांव पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया और वन कर्मियों को घेर लिया। हालात बिगड़ते देख वन विभाग ने तत्काल वाल्मीकिनगर थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और एसएसबी ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही बगहा एसडीपीओ निहार भूषण, एसएसबी के कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत तथा पुलिस बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया तथा वन विभाग की टीम को सुरक्षित बाहर निकाला। हालात सामान्य होने के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई।
एसडीपीओ बोले- आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के दौरान वन विभाग और स्थानीय लोगों के बीच विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे किसी बड़ी घटना को टाला जा सका। उन्होंने कहा कि फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
जेसीबी में आग को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे
घटना को लेकर वन विभाग और ग्रामीण एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। वन विभाग का आरोप है कि उग्र ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन में आग लगा दी, जबकि ग्रामीणों का कहना है कि आग वन कर्मियों द्वारा लगाई गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस की निगरानी जारी, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी होगी जारी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद ठाड़ी गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।