गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। डुमरिया घाट के पास गंडक नदी में तीन बच्चियां तेज धार की चपेट में आकर डूब गईं। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और बचाव अभियान के लिए SDRF टीम को मौके पर रवाना किया गया।
जानकारी के मुताबिक, डूबने वाली तीनों बच्चियां मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सल्लैहपुर टंडसपुर गांव की रहने वाली हैं। बताया जा रहा है कि वे रोजाना की तरह नदी पार कर खेती के काम के लिए दूसरी ओर जा रही थीं। इसी दौरान नदी की तेज धारा में एक बच्ची बहने लगी।
एक बच्ची को बचाने की कोशिश में दो अन्य बच्चियां भी नदी की तेज धार में समा गईं। घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लापता बच्चियों में चंदन यादव की दो बेटियां और मजिस्टर राय की एक बेटी शामिल हैं। हादसे के बाद जिला प्रशासन, स्थानीय गोताखोरों और SDRF की टीम ने बच्चियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
यह हादसा मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया घाट के पास हुआ है, जो बिहार के शिक्षा मंत्री और बैकुंठपुर विधायक मिथिलेश तिवारी के विधानसभा क्षेत्र में आता है। खबर लिखे जाने तक तीनों बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था और तलाश अभियान जारी था।