राजधानी पटना में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिहार विद्यालय परीक्षा समिति कार्यालय के सामने स्थित एक किराना गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम से उठती ऊंची लपटों व काले धुएं ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, बिहार बोर्ड कार्यालय के सामने स्थित जयदीप बग्गा के किराना गोदाम में यह आग लगी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शुरुआत में गोदाम से हल्का धुआं निकलता दिखाई दिया, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैलने लगी। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक नजर आने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग लगातार फैल रही थी, जिससे आसपास के प्रतिष्ठानों पर भी खतरा मंडराने लगा। एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास के इलाके को खाली कराया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक गोदाम में बड़ी मात्रा में किराना सामान रखा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग लगने के दौरान गोदाम से लगातार धुएं का गुबार निकलता रहा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।