वैशाली में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़, भारी मात्रा में सिलेंडर और गैस कार्ड बरामद

Black marketing of domestic gas cylinders busted in Vaishali; large quantities of cylinders and gas cards recovered.

बिहार के वैशाली जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बेलसर थाना क्षेत्र के मौना गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में गैस सिलेंडर और अवैध गैस कार्ड बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, मौना गांव में गरीब और जरूरतमंद लोगों को मिलने वाले घरेलू गैस सिलेंडरों को अवैध तरीके से ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था। बताया जा रहा है कि सिलेंडर 2100 रुपये से लेकर 5100 रुपये तक में बेचे जा रहे थे। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई।

एसपी के निर्देश पर गोपाल मंडल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ग्राहक बनकर मौना गांव निवासी लुट्टू चौधरी के घर पहुंची। जब टीम ने गैस सिलेंडर खरीदने की बात कही तो अलग-अलग कीमत बताई गई। इससे कालाबाजारी की पुष्टि होते ही पुलिस ने मौके पर छापेमारी शुरू कर दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 6 भरे हुए और 9 खाली गैस सिलेंडर बरामद किए। इसके साथ ही बड़ी संख्या में अवैध गैस कार्ड भी जब्त किए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इसकी जानकारी बेलसर प्रखंड के अंचल अधिकारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को दी, जिसके बाद जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस को आशंका है कि यह मामला सिर्फ एक घर तक सीमित नहीं है, बल्कि इलाके में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतने बड़े पैमाने पर सिलेंडर और गैस कार्ड कहां से लाए जा रहे थे और इस रैकेट में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment