गिरिडीह के पचंबा में भीषण आग: कपड़े की दुकान जलकर राख, महिला और बच्ची अब भी लपटों में फंसी

Massive fire in Panchamba of Giridih: Clothes shop burnt to ashes, woman and girl still trapped in the flames

गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले के पचंबा इलाके में सोमवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब मारवाड़ी मोहल्ले में स्थित तीन मंजिला इमारत में आग लग गई। “खुशी मार्ट” नामक यह कपड़े की बड़ी दुकान देखते ही देखते आग की चपेट में आ गई। इस भीषण हादसे में एक महिला और एक बच्ची आग की लपटों में फंसी हुई हैं, जिन्हें बचाने का प्रयास युद्धस्तर पर जारी है।

जानकारी के अनुसार, आग दोपहर करीब 3 बजे दुकान के निचले हिस्से से उठी और तेजी से पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस इमारत की ऊपरी दो मंजिलों में दुकान मालिक दिनेश डालमिया और उनका परिवार रहता है। आग लगने का पता तब चला जब धुएं का गुबार ऊपर तक पहुंचा और परिवार के लोगों ने शोर मचाया।

घटना के वक्त घर में कुल छह लोग मौजूद थे, जिनमें से चार को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन एक महिला और एक बच्ची इमारत के अंदर ही फंस गईं हैं। आग की भयावहता ऐसी है कि दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचने के बावजूद पांच घंटे बाद भी लपटों पर काबू नहीं पाया जा सका है।

आग में पूरी दुकान खाक हो गई है, वहीं ऊपर के मंजिलों में रखे कीमती सामान भी नष्ट हो गए हैं। पचंबा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं।

घटनास्थल पर डीएसपी कौसर अली, सदर एसडीओ यशवंत श्रीकांत वीसूपते और थाना प्रभारी राजीव कुमार राहत और बचाव कार्य का नेतृत्व कर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके की बैरिकेडिंग कर दी गई है और स्थानीय लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

गौरतलब है कि झारखंड में बीते 40 दिनों में आग लगने की यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले गढ़वा जिले में पटाखा दुकान में लगी आग से 5 लोगों की मौत हुई थी, जबकि पश्चिमी सिंहभूम के गीतिलिपि गांव में 4 बच्चों की जान चली गई थी।

प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं और राहत कार्य लगातार जारी है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment