नई दिल्ली: भाजपा ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि वह अपने विदेशी दौरों के दौरान बार-बार भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का काम कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी न सिर्फ देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं, बल्कि विदेश जाकर भारत विरोधी बयानबाज़ी भी करते हैं।
शहजाद पूनावाला ने कहा, “राहुल गांधी विदेशी धरती पर भारत की आलोचना करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। इस बार उन्होंने अमेरिका के ब्राउन यूनिवर्सिटी में चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए। जहां पूरी दुनिया भारत के चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली की सराहना कर रही है, वहीं राहुल गांधी इसे कटघरे में खड़ा कर रहे हैं।”
भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने पहले भी न्यायपालिका और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को लेकर विवादित बयान दिए हैं। “जब यही संस्थाएं कांग्रेस को राहत देती हैं या जीत दिलाती हैं, तब इन्हें कोई समस्या नहीं होती। लेकिन जब इनके निर्णय उनके विरोध में जाते हैं, तब लोकतंत्र खतरे में नजर आता है,” उन्होंने कहा।
पूनावाला ने राहुल गांधी की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा, “राहुल गांधी का यह रवैया दिखाता है कि वह लोकतंत्र से ऊपर परिवारवाद को रखते हैं। उन्हें भारत की प्रतिष्ठा और संस्थाओं की कोई परवाह नहीं है। वे भारत के खिलाफ विदेश में बयान देकर राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश करते हैं।”
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पर लगाए गए सभी आरोपों का तथ्यात्मक जवाब दिया जा चुका है। “देश के 9.7 करोड़ मतदाताओं में से सिर्फ 89 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका समय पर समाधान भी किया गया। ऐसे में आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाना अनुचित है,” पूनावाला ने जोड़ा।
भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस अब संवैधानिक संस्थाओं पर हमले को अपनी रणनीति बना चुकी है और राहुल गांधी खुद भारतीय राज्य के खिलाफ लड़ने की बात कर चुके हैं। पार्टी ने इसे कांग्रेस का “देशविरोधी एजेंडा” करार दिया है।