मथुरा: यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, 6 की मौत, 9 घायल

Mathura: A horrific road accident on the Yamuna Expressway leaves 6 dead and 9 injured.

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की जान चली गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सुरीर थाना क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर माइल स्टोन 88 के पास हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से कानपुर जा रही एक निजी बस के कुछ यात्री लघुशंका के लिए एक्सप्रेस-वे पर उतर गए थे। बस चालक ने निर्धारित ‘ग्रीन जोन’ में वाहन रोकने के बजाय सड़क किनारे ही बस खड़ी कर दी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया।

इस भीषण हादसे में सोनू (औरैया), देवेश (बस्ती), अस्लम (कन्नौज), संतोष (दिल्ली) सहित कुल छह लोगों की मौत हो गई। दो मृतकों की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यमुना एक्सप्रेस-वे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया।

पुलिस ने कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस को असुरक्षित स्थान पर खड़ा किया जाना हादसे का मुख्य कारण हो सकता है। एक्सप्रेस-वे पर केवल निर्धारित ग्रीन जोन में ही वाहनों को रोकने के निर्देश हैं।

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment