नई दिल्ली: माइक्रोसॉफ्ट ने भारत में भारी निवेश की घोषणा की है। कंपनी के CEO सत्य नडेला ने सोशल मीडिया पर बताया कि माइक्रोसॉफ्ट आने वाले वर्षों में भारत में 17.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 1.57 लाख करोड़ रुपये) का निवेश करेगी। उन्होंने कहा कि एशियाई बाजार में यह अब तक का कंपनी का सबसे बड़ा निवेश है। इस अवसर पर नडेला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी व्यक्त किया।
वर्ष 2026 से 2029 के बीच होने वाला यह निवेश भारत में क्लाउड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर, स्किलिंग और माइक्रोसॉफ्ट के चल रहे ऑपरेशन्स को मजबूत करेगा। हाल ही में भारत यात्रा पर आए नडेला ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी और इसे बेहद प्रेरणादायक बताया।
इधर, भारत में AI के भविष्य को देखते हुए अमेरिकी कंपनी गूगल ने भी पिछले वर्ष अक्टूबर में Bharat AI Shakti नामक मेगा इवेंट आयोजित किया था। इस कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी रही और मंच से कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ की गईं, जिनमें 15 बिलियन डॉलर के निवेश का ऐलान मुख्य रहा।
गूगल ने यह भी खुलासा किया था कि अमेरिका के बाद दुनिया का सबसे बड़ा गीगावाट-स्तरीय AI हब भारत के विशाखापट्टनम में विकसित किया जा रहा है। यह प्रोजेक्ट Google Full Stack AI पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य देश में क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सॉल्यूशंस और AI मॉडल्स के विकास को तेज़ी देना है।