‘आपका पैसा, आपका अधिकार’ पहल से हर नागरिक को मिलेगी उसकी भूली हुई वित्तीय संपत्ति: पीएम मोदी

The 'Your Money, Your Right' initiative will help every citizen reclaim their forgotten financial assets: PM Modi

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि ‘आपका पैसा, आपका अधिकार’ पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर नागरिक अपनी हक की वह रकम वापस पा सके, जो भारतीय बैंकों, बीमा कंपनियों और म्यूचुअल फंड संस्थानों में बिना क्लेम किए पड़ी है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “यह एक भूली हुई वित्तीय संपत्ति को नए अवसर में बदलने का मौका है। आइए, हम सब मिलकर एक पारदर्शी, आर्थिक रूप से सशक्त और समावेशी भारत का निर्माण करें।” उन्होंने हाल ही में हुए हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में इस मुद्दे पर महत्वपूर्ण तथ्य भी साझा किए।

प्रधानमंत्री ने बताया, “भारतीय बैंकों में नागरिकों के 78,000 करोड़ रुपए, इंश्योरेंस कंपनियों में लगभग 14,000 करोड़ रुपए, म्यूचुअल फंडों में करीब 3,000 करोड़ रुपए, और लगभग 9,000 करोड़ रुपए डिविडेंड के रूप में बिना क्लेम किए हुए पड़े हैं।”

उन्होंने कहा कि ये जानकारी सुनकर बहुत से लोग हैरान रह गए, क्योंकि यह रकम अनगिनत परिवारों की मेहनत से कमाई गई बचत और निवेश है। इसी को सुधारने के लिए अक्टूबर 2025 में ‘आपका पैसा, आपका अधिकार’ अभियान शुरू किया गया, ताकि हर नागरिक अपनी वास्तविक संपत्ति को आसानी से वापस हासिल कर सके।

फंड को खोजने और क्लेम करने की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए कई पोर्टल तैयार किए गए हैं—

  • आरबीआई का UDGAM पोर्टल: बिना क्लेम बैंक डिपॉजिट के लिए
  • IRDAI का बीमा भरोसा पोर्टल: बिना क्लेम बीमा राशि के लिए
  • SEBI का MITRA पोर्टल: बिना क्लेम म्यूचुअल फंड रकम के लिए
  • कॉर्पोरेट मामलों मंत्रालय का IEPFA पोर्टल: बिना भुगतान डिविडेंड व बिना क्लेम शेयरों के लिए

पीएम मोदी ने बताया, “दिसंबर 2025 तक देश के 477 जिलों में सुविधा कैंप लगाए जा चुके हैं, विशेष रूप से दूरदराज क्षेत्रों में। सरकार, रेगुलेटरी एजेंसियों, बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों के संयुक्त प्रयासों से करीब 2,000 करोड़ रुपए सही मालिकों को वापस लौटाए जा चुके हैं।”

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि आने वाले समय में इस अभियान को और व्यापक रूप से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की—

  • जांचें कि कहीं आपके या आपके परिवार के पास बिना क्लेम किए गए डिपॉजिट, बीमा राशि, डिविडेंड या निवेश तो नहीं हैं।
  • बताए गए पोर्टल्स पर जाएं।
  • अपने जिले में आयोजित सुविधा कैंप का लाभ उठाएं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment