मुंगेर: बिहार के मुंगेर में अवैध हथियार निर्माण के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गंगा पार तारापुर दियारा क्षेत्र में चल रही एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। इस दौरान मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम मनियारचक घाट से नाव के जरिए गंगा पार कर निर्धारित स्थान पर पहुंची, जहां अवैध रूप से हथियार बनाए जा रहे थे।
चार आरोपी गिरफ्तार, कई हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. सरफराज उर्फ लंगड़ा, मो. अतीक, प्रकाश सिंह उर्फ प्रकाश बिंद और विकास कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो तैयार पिस्टल, तीन अर्धनिर्मित पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, चार बेस मशीन और एक हैंड ड्रिल मशीन समेत कई उपकरण बरामद किए हैं।
नेटवर्क की जांच जारी
मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह के मुताबिक, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस अवैध हथियार नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसके तार किन-किन इलाकों तक जुड़े हुए हैं।