बिहार: राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के भू-अर्जन निदेशालय द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंगलवार को विभागीय मंत्री संजय सरावगी और अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने एमआईएस (मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम) पोर्टल का विधिवत शुभारंभ किया। यह पोर्टल मंत्री संजय सरावगी के कक्ष में लांच किया गया।
इस अवसर पर मंत्री सरावगी ने बताया कि राज्य में केंद्र एवं राज्य सरकार की कई लोकहितकारी परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई की जा रही है। इस प्रक्रिया की निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह आधुनिक पोर्टल विकसित किया गया है। अब किसी भी परियोजना की प्रगति की तत्काल समीक्षा की जा सकेगी, और भूमि अधिग्रहण में उत्पन्न होने वाली त्रुटियों या समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि पोर्टल के माध्यम से पटना मेट्रो, हवाई अड्डा निर्माण, एक्सप्रेसवे, रेलवे, और एम्स दरभंगा जैसी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं की निगरानी करना आसान होगा। इससे इन विकास कार्यों को समय पर पूरा करने में उल्लेखनीय मदद मिलेगी।
अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने भी एमआईएस पोर्टल की सराहना करते हुए कहा कि यह पोर्टल राज्य के भू-अर्जन से जुड़ी सभी प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा को सुगम बनाएगा और कार्यों को गति देगा।
वर्तमान में राज्य की प्रमुख भूमि अधिग्रहण परियोजनाएं इस प्रकार हैं:
1. पटना मेट्रो परियोजना – लगभग 85 एकड़ भूमि
2. पटना मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक पार्क (MMLP) – लगभग 105 एकड़
3. विक्रमशिला विश्वविद्यालय परियोजना – लगभग 205 एकड़
4. एनएच, एनएचएआई, एमओआरटीएच और पथ निर्माण विभाग की सड़क परियोजनाएं
5. रेलवे की परियोजनाएं (डीएफसीसीआईएल सहित)
6. सशस्त्र सीमा बल (SSB) की आउट पोस्ट और चौकियां
7. हवाई अड्डा निर्माण (गया, दरभंगा, पूर्णिया)
8. जल संसाधन विभाग की तटबंध एवं गाइड बांध परियोजनाएं
9. एम्स दरभंगा निर्माण के लिए 37 एकड़ भूमि
यह पोर्टल राज्य में चल रही सभी बड़ी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने की दिशा में एक तकनीकी क्रांति साबित हो सकता है।