मुंबई: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी का एक और मामला सामने आया है। मुंबई के मीरा रोड इलाके में स्थित एक फास्ट फूड रेस्टोरेंट में मराठी भाषा न बोलने पर एक कर्मचारी के साथ मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि पीड़ित कर्मचारी को कई थप्पड़ मारे गए और उसके साथ अपशब्दों का प्रयोग भी किया गया। यह घटना सोमवार रात बालाजी होटल में हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, कुछ MNS कार्यकर्ता होटल पहुंचे और वहां मौजूद एक कर्मचारी से मराठी में बात करने की मांग की। जब कर्मचारी ने मराठी न आने की बात कही, तो कार्यकर्ताओं ने उसे पीटना शुरू कर दिया। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया। घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
शिवसेना (यूबीटी) के विधायक सचिन अहीर ने कहा कि मराठी भाषा का सम्मान जरूरी है, लेकिन इस मुद्दे पर मारपीट करना गलत है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर कोई जानबूझकर मराठी बोलने से इनकार करता है, तो वह भी उचित नहीं है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने भी इस घटना की निंदा की है।
राज्य के गृह राज्यमंत्री योगेश कदम ने कहा कि महाराष्ट्र में हर भाषा का सम्मान किया जाना चाहिए और किसी को भी कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, भाजपा नेता और कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि महाराष्ट्र में मराठी और देश में हिंदी को प्राथमिकता दी जाती है, लेकिन अगर कोई कानून तोड़ता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।