पटना। बिहार के ‘चाणक्य’ नीतीश कुमार ने गुरुवार को इतिहास रच दिया। उन्होंने दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने नीतीश कुमार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे। समारोह में हरियाणा, असम, गुजरात, मेघालय, उत्तर प्रदेश, नगालैंड, ओडिशा, दिल्ली और राजस्थान के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए।
शपथ ग्रहण खत्म होते ही प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर पूरी तरह ‘देसी अंदाज’ में नजर आए। उन्होंने सिर पर गमछा डालकर उसे जोर-जोर से लहराया। यह देखकर गांधी मैदान में मौजूद हजारों लोग उत्साह से भर उठे और ज़ोरदार तालियां बजाकर पीएम का स्वागत किया। पीएम मोदी ने कई बार हाथ जोड़कर और झुककर लोगों का आभार व्यक्त किया।
मंच पर प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार लगातार बातें करते और मुस्कुराते दिखे। दोनों नेताओं के बीच गजब की केमिस्ट्री दिखी। चुनाव प्रचार के दौरान भी पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को ‘अपना भाई’ बताया था और कहा था कि “दो भाई मिलकर बिहार की बहनों-बेटियों की सेवा और सम्मान के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं।”
बिहार की जनता ने इस जोड़ी पर पूरा भरोसा जताया और एनडीए को प्रचंड बहुमत देकर सत्ता सौंपी।
नीतीश कुमार के साथ भाजपा के सम
सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद कुल 26 मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। इस मंत्रिमंडल में तीन महिला मंत्रियों को जगह दी गई है। साथ ही कई नए चेहरों को भी मौका मिला है।
गांधी मैदान एनडीए की जीत के जश्न और ‘मोदी-नीतीश भाई-भाई’ के नारों से गूंजता रहा।