मुंबई: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कुणाल कामरा की टिप्पणी को बताया गलत, कहा- “ऐसी टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जा सकती”

Mumbai: Chief Minister Devendra Fadnavis called Kunal Kamra's comment wrong, said- "Such comments cannot be tolerated"

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि कॉमेडियन कुणाल कामरा द्वारा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बारे में की गई टिप्पणी पूरी तरह से गलत है और इस तरह की टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

सीएम फडणवीस ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “कुणाल कामरा ने एकनाथ शिंदे को एक गीत के माध्यम से अपमानित करने की कोशिश की है, यह गलत है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं और ऐसी चीजों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कुणाल कामरा को यह समझना चाहिए कि 2024 के चुनाव में जनता ने साफ कर दिया है कि कौन गद्दार है और कौन खुद्दार। “दिवंगत शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की विरासत एकनाथ शिंदे के पास है और जनता ने इस पर अपनी मुहर लगा दी है। इसलिए कोई भी स्टैंडअप कॉमेडियन खड़ा होकर उन्हें इस तरह ‘गद्दार’ नहीं कह सकता।”

फडणवीस ने कहा, “जिन्होंने गद्दारी की और जिन्होंने बालासाहेब ठाकरे के विचारों के साथ विश्वासघात किया, उन्हें जनता ने घर भेज दिया है।”

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा, “मैं मानता हूं कि किसी को भी कॉमेडी करने और व्यंग्य कसने का अधिकार है, और यदि हम पर व्यंग्य किया जाए, तो हमें कोई समस्या नहीं है। लेकिन अगर कोई जानबूझकर बड़े नेताओं को अपमानित और बदनाम करता है, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी कानूनी कार्रवाई करनी होगी, वह उसके खिलाफ की जाएगी।”

सीएम ने यह भी कहा कि कुणाल कामरा को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, “जिस तरह से वे संविधान का फोटो दिखाकर एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर रहे हैं, यह वही लाल संविधान है जिसे राहुल गांधी भी दिखाते हैं। यह संविधान न तो राहुल गांधी ने पढ़ा है, न ही कुणाल कामरा ने।”

“आप इस संविधान की तस्वीर दिखाकर अपनी गलतियों को सही नहीं ठहरा सकते, क्योंकि इस संविधान में कहा गया है कि सभी की आज़ादी का सम्मान होना चाहिए, लेकिन इसकी भी सीमाएं हैं। जब यह आज़ादी दूसरों की आज़ादी पर आक्रमण करती है, तो उस पर मर्यादाएं भी आती हैं। आप दूसरों की आज़ादी या उनके विचारों पर आक्रमण नहीं कर सकते। इसलिए राहुल गांधी का संविधान दिखाकर आप अपने गलत कामों से नहीं बच सकते।”

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment