मुंबई: रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में नेपाल से फंडिंग का खुलासा

Mumbai: Firing case at Rohit Shetty's house reveals funding from Nepal

मुंबई में प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना की जांच लगातार तेज होती जा रही है। मुंबई क्राइम ब्रांच को मामले में कई अहम सुराग मिले हैं। ताजा खुलासे के मुताबिक, फायरिंग को अंजाम देने वाले शूटर्स को एटीएम के जरिए मोटी रकम दी गई थी और इस फंडिंग का कनेक्शन पड़ोसी देश नेपाल से जुड़ा बताया जा रहा है। फंडिंग की पुष्टि के लिए क्राइम ब्रांच ने जांच और गहन कर दी है।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों के बैंक खातों में सीधे पैसे जमा कराए गए थे। एटीएम के माध्यम से कैश ट्रांजैक्शन कर रकम डाली गई। पुलिस के अनुसार, यह रकम किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जमा की गई थी, जिसके बैंक विवरण खंगाले जा रहे हैं। क्राइम ब्रांच यह पता लगाने में जुटी है कि पैसा कहां से आया और इसे किसने भेजा।

सूत्रों के मुताबिक, आगरा से पकड़े गए आरोपियों को नेपाल से लगातार फंडिंग मिल रही थी। इस एंगल को देखते हुए पुलिस ने संबंधित बैंकों को आधिकारिक पत्र भेजकर खातों की विस्तृत स्टेटमेंट, ट्रांजैक्शन हिस्ट्री और रकम जमा करने वाले व्यक्ति की जानकारी मांगी है।

पुलिस को आशंका है कि इस साजिश के तार बाहरी आतंकी शक्तियों से भी जुड़े हो सकते हैं, जो पर्दे के पीछे रहकर ऐसी घटनाओं को अंजाम दिला रही हैं। क्राइम ब्रांच का मानना है कि बैंक खातों की डिटेल सामने आते ही साजिश के मास्टरमाइंड का खुलासा हो सकता है।

गौरतलब है कि रोहित शेट्टी के जुहू स्थित बंगले पर अचानक हमलावरों ने गोलीबारी की थी। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। मामले में पुलिस अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। ये गिरफ्तारियां उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न स्थानों से की गई हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment