मुंबई: पवन सिंह को धमकी मामले में नया मोड़, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने किया इनकार

Mumbai: New twist in Pawan Singh threat case, Lawrence Bishnoi gang denies involvement.

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावरस्टार पवन सिंह को जान से मारने की धमकी के मामले में एक सनसनीखेज नया मोड़ सामने आया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस पूरे प्रकरण से खुद को अलग बताते हुए धमकी देने के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। गैंग से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर हरि बॉक्सर की ओर से जारी एक ऑडियो संदेश में दावा किया गया है कि उनकी ओर से पवन सिंह को न तो कोई कॉल किया गया और न ही कोई धमकी भरा संदेश भेजा गया।

वायरल हो रहे ऑडियो में हरि बॉक्सर ने कहा है कि इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम बेवजह घसीटा जा रहा है। उसका आरोप है कि पवन सिंह ने अपनी सुरक्षा बढ़वाने के उद्देश्य से पुलिस और जनता को गुमराह किया है। बॉक्सर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके खिलाफ थाने में गलत बयान दिया गया और झूठी शिकायत दर्ज कराई गई, जबकि सच्चाई यह है कि गैंग का इस मामले से कोई संबंध नहीं है।

हालांकि पवन सिंह को धमकी देने से इनकार करते हुए भी हरि बॉक्सर ने ऑडियो संदेश में सलमान खान को लेकर बेहद गंभीर और डराने वाली चेतावनी दी है। उसने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग कभी छिपकर काम नहीं करता, बल्कि जो भी करता है खुलेआम करता है। गैंगस्टर ने खुले तौर पर धमकी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति सलमान खान के साथ काम करेगा या उनका समर्थन करेगा, उन्हें धमकी नहीं दी जाएगी, बल्कि सीधे एके-47 से गोलियों से निशाना बनाया जाएगा।

गौरतलब है कि 6 दिसंबर को पवन सिंह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी भरे संदेश मिले थे। उस समय वह मुंबई में थे और टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के फिनाले में बतौर मेहमान शामिल होने वाले थे। मैसेज में उन्हें सलमान खान के साथ काम न करने की चेतावनी दी गई थी। पवन सिंह के करीबी सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में औपचारिक एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई थी, बल्कि पुलिस को केवल सूचना दी गई थी, जिसके बाद एहतियातन उनकी सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल बढ़ा दिए गए थे।

अब हरि बॉक्सर के इस ऑडियो संदेश के सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की नए सिरे से जांच कर रही हैं और धमकी की सच्चाई जानने की कोशिश में जुटी हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment