झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। रांची एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया, जिससे कुछ देर के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। विमान में करीब 70 यात्री सवार थे।
रनवे से टकराने के कारण यात्रियों को तेज झटका महसूस हुआ, हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी को भी चोट नहीं आई। घटना के तुरंत बाद एहतियातन विमान को आगे की उड़ान के लिए रोक दिया गया।
एयरपोर्ट प्रशासन और इंडिगो एयरलाइंस की तकनीकी टीम ने विमान की जांच शुरू कर दी है। संबंधित अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब भुवनेश्वर से रांची आ रही इंडिगो की फ्लाइट एयरपोर्ट पर उतर रही थी। रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया, जिससे यात्रियों को झटका लगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।