नई दिल्ली: नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और ओवरसीज कांग्रेस प्रमुख सैम पित्रोदा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए ईडी जैसी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। पार्टी ने इस कदम को ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ बताया है और इसके खिलाफ देशभर में आंदोलन छेड़ने की घोषणा की है। राज्य स्तर पर ईडी के कार्यालयों के बाहर और जिला मुख्यालयों पर केंद्र सरकार के कार्यालयों के सामने विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
पार्टी नेताओं का कहना है कि यह कार्रवाई लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आज़ादी पर सीधा हमला है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वह इस मामले में सड़कों पर उतरकर पुरजोर विरोध करेगी।