बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक निजी पुनर्वास केंद्र (रिहैब सेंटर) का बताया जा रहा है, जहां एक मरीज के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए उसकी बेरहमी से पिटाई की जा रही है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति पहले मरीज को घसीटता है और फिर बंद कमरे में ले जाकर उस पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला करता है। हैरानी की बात यह है कि कमरे में मौजूद अन्य लोग इस पूरी घटना को चुपचाप देखते रहते हैं और कोई भी पीड़ित की मदद के लिए आगे नहीं आता।
यह घटना बेंगलुरु से लगभग 30 किलोमीटर दूर नेलमंगला के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित एक रिहैब सेंटर की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह वीडियो हाल ही में सामने आया है, लेकिन घटना कुछ समय पहले की है। वायरल होते ही इस वीडियो ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, रिहैब सेंटर से जुड़ी कुछ अन्य तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें आरोपी एक साथ जन्मदिन मनाते और चाकू से केक काटते हुए नजर आ रहे हैं। इस मामले में आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।