NEET-UG पेपर लीक मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, NTA को हटाने और दोबारा परीक्षा कराने की मांग

NEET-UG Paper Leak Case Reaches Supreme Court; Demands Raised to Remove NTA and Conduct Re-examination

नई दिल्ली : नीट-यूजी 2026 प्रश्नपत्र लीक मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। इस मामले में दायर याचिका में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को हटाकर नई स्वतंत्र संस्था गठित करने की मांग की गई है। साथ ही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से चार सप्ताह के भीतर जांच की स्थिति रिपोर्ट पेश करने की अपील भी की गई है।

यह याचिका फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) की ओर से दाखिल की गई है। याचिका में एनटीए में व्यापक सुधार करने और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में नीट-यूजी 2026 परीक्षा दोबारा आयोजित कराने की मांग उठाई गई है।

याचिकाकर्ता ने कहा है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी को या तो पूरी तरह समाप्त किया जाए या फिर उसमें बड़े स्तर पर सुधार कर नई, मजबूत, आधुनिक और स्वतंत्र परीक्षा संस्था बनाई जाए। इसके अलावा परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए न्यायालय की निगरानी में परीक्षा दोबारा कराने की मांग की गई है।

याचिका में सुझाव दिया गया है कि पुनः आयोजित होने वाली परीक्षा की निगरानी सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति करे। इस समिति की अध्यक्षता सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश को सौंपने की मांग की गई है। साथ ही समिति में साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ और न्याय वैज्ञानिक को भी शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया है।

याचिका में यह भी कहा गया है कि जब तक “राष्ट्रीय परीक्षा अखंडता आयोग” नामक नई संस्था का गठन नहीं हो जाता, तब तक यही समिति परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और स्वीकृति का कार्य संभाले। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए उन्हें डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने की व्यवस्था अनिवार्य करने की मांग भी उठाई गई है।

पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए परीक्षा को पारंपरिक लिखित माध्यम के बजाय कंप्यूटर आधारित प्रणाली से आयोजित करने का सुझाव दिया गया है, ताकि प्रश्नपत्रों के भौतिक परिवहन से जुड़े जोखिम खत्म किए जा सकें।

गौरतलब है कि राजस्थान में पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया था। मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है और अब पूरी जांच एजेंसी की निगरानी में की जा रही है।

नीट-यूजी 2026 परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 22 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। जांच में सामने आया है कि परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लीक हो गया था। बताया जा रहा है कि जीव विज्ञान के 90 और रसायन विज्ञान के 35 प्रश्न कथित तौर पर मूल प्रश्नपत्र से मेल खाते थे।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए कहा था कि 3 मई 2026 को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा रद्द कर दी गई है। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा दोबारा कराई जाएगी और नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment