पटना: बिहार प्रशासनिक हलके में अब तक का सबसे बड़ा और चौंकाने वाला फेरबदल सामने आया है। राज्य सरकार ने मौजूदा मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा की सेवानिवृत्ति से पूरे 27 दिन पहले उनके उत्तराधिकारी की नियुक्ति कर दी है। सरकार ने 1 सितंबर 2025 से प्रभावी रूप से प्रत्यय अमृत को नया मुख्य सचिव नियुक्त करने की अधिसूचना आज जारी कर दी है।
प्रत्यय अमृत बनेंगे बिहार के नए मुख्य सचिव
भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 1991 बैच के अधिकारी प्रत्यय अमृत वर्तमान में बिहार के विकास आयुक्त हैं। इसके साथ ही वे स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव और प्रधान सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं। अधिसूचना के अनुसार, वे 1 सितंबर 2025 से मुख्य सचिव का पदभार संभालेंगे, जब वर्तमान मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा (IAS, 1989 बैच) सेवा निवृत्त होंगे।
OSD के रूप में आज से ही संभालेंगे कार्य
सरकार ने एक नई परंपरा की शुरुआत करते हुए प्रत्यय अमृत को आज से ही मुख्य सचिव कार्यालय में OSD (Officer on Special Duty) नियुक्त कर दिया है। यानी अभी से ही वे मुख्य सचिव कार्यालय में कार्य करेंगे, भले ही आधिकारिक पदभार उन्हें 1 सितंबर से मिलेगा।
नीतीश सरकार की अनोखी पहल
मुख्य सचिव जैसे महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति को लेकर सरकार की यह सक्रियता चर्चा का विषय बन गई है। आमतौर पर रिटायरमेंट से एक-दो दिन पहले ही उत्तराधिकारी की घोषणा की जाती रही है, लेकिन इस बार सरकार ने अगले अधिकारी को पहले ही ‘पावर’ में ला दिया है। यह पहल बिहार की प्रशासनिक व्यवस्था में एक नई मिसाल और परंपरा के रूप में देखी जा रही है।
प्रशासनिक हलकों में हलचल, सवाल भी खड़े
हालांकि, इस जल्दबाजी को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। कई प्रशासनिक सूत्रों का मानना है कि इस फैसले के पीछे कोई राजनीतिक या रणनीतिक कारण हो सकते हैं। फिलहाल, भले ही अमृत लाल मीणा कुर्सी पर बैठे हों, लेकिन असली प्रशासनिक कमान अब प्रत्यय अमृत के हाथों में आ चुकी है।
यह देखना दिलचस्प होगा कि अगले कुछ सप्ताहों में बिहार की प्रशासनिक गतिविधियों पर इसका क्या असर पड़ता है।