नई दिल्ली: विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 की दुर्घटना को लेकर अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट नागर विमानन मंत्रालय और अन्य संबंधित अधिकारियों को सौंप दी है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, शीर्ष सरकारी अधिकारियों ने बताया कि यह रिपोर्ट प्रारंभिक आकलन और शुरुआती निष्कर्षों पर आधारित है और इसे सप्ताह के अंत तक सार्वजनिक किए जाने की संभावना है।
गौरतलब है कि लंदन जाने वाली यह फ्लाइट 12 जून को अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ सेकंड बाद ही एक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भीषण हादसे में विमान में सवार 241 यात्री और जमीन पर मौजूद 19 लोग मारे गए थे।
दुर्घटना के बाद विमान का कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (एफडीआर) दोनों बरामद कर लिए गए हैं। सीवीआर 13 जून को इमारत की छत से मिला, जबकि एफडीआर 16 जून को मलबे से निकाला गया।
दुर्घटना के तुरंत बाद एएआईबी ने जांच शुरू की और 13 जून को एक बहु-विषयक जांच टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व एएआईबी के महानिदेशक कर रहे हैं, और इसमें विमानन देखभाल विशेषज्ञ, एटीसी अधिकारी तथा अमेरिका की नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) के प्रतिनिधि शामिल हैं।
पूर्व में ब्लैक बॉक्स डिकोडिंग के लिए भारत को विदेशों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब दिल्ली स्थित अत्याधुनिक एएआईबी लैब की स्थापना के बाद, देश में ही सीवीआर और एफडीआर का विश्लेषण संभव हो गया है।