नई दिल्ली : भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में शामिल होकर देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है। सेना ने अग्निवीर भर्ती परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए हैं, जिनका अभ्यर्थी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। इस बार घोषित परिणामों में वाराणसी रीजन के युवाओं ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। भर्ती प्रक्रिया में कुल 4,903 उम्मीदवारों ने भाग लिया था, जिनमें से कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद 2,900 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया है।
रणबांकुरे मैदान में हुई थी कड़ी चयन प्रक्रिया
वाराणसी छावनी स्थित रणबांकुरे मैदान में 8 से 21 नवंबर 2025 के बीच अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया गया था। इस दौरान पूर्वांचल के 12 जिलों से आए हजारों युवाओं ने शारीरिक और लिखित परीक्षा में हिस्सा लिया। सेना के अधिकारियों के अनुसार, चयनित 2,900 अभ्यर्थियों को अब आगे की प्रक्रिया के लिए संबंधित आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (ARO) में रिपोर्ट करना होगा। दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। संभावना है कि अगले कुछ हफ्तों में नए बैच का प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा।
ऐसे देखें अपना रिजल्ट
अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। वेबसाइट के होमपेज पर ‘रिजल्ट’ सेक्शन में रजिस्ट्रेशन आईडी से लॉगइन करने पर परिणाम उपलब्ध होगा। सेना ने सफल उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे भविष्य के लिए अपने रिजल्ट की प्रति डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें।
मुजफ्फरपुर के अभ्यर्थियों को मिल सकता है दूसरा मौका
इस बीच बिहार के मुजफ्फरपुर से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए भी राहत भरी खबर सामने आई है। वहां आयोजित अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर कुछ उम्मीदवारों ने आपत्तियां दर्ज कराई थीं। सेना ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिन अभ्यर्थियों ने 15 दिसंबर तक शिकायतें दर्ज कराई थीं, यदि उनकी आपत्तियां सही पाई जाती हैं तो जनवरी 2026 में उनके लिए दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इससे कई युवाओं की उम्मीदें एक बार फिर जाग उठी हैं।