नई दिल्ली: शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की डेब्यू वेब सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ ने रिलीज के साथ ही कानूनी विवाद को जन्म दे दिया है। भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के अधिकारी समीर वानखेड़े ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है, जिसमें उन्होंने शाहरुख खान और गौरी खान की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और नेटफ्लिक्स पर उनकी छवि को धूमिल करने और राष्ट्रीय प्रतीक का अपमान करने का गंभीर आरोप लगाया है।
वानखेड़े ने अपनी याचिका में 2 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि वह यह मुकदमा जीतते हैं, तो हर्जाने की पूरी राशि टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल को कैंसर रोगियों के इलाज के लिए दान कर दी जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही यह वेब सीरीज झूठी और दुर्भावनापूर्ण है, जिसे उनकी प्रतिष्ठा को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने के लिए बनाया गया है। याचिका में कहा गया है कि सीरीज में एक पुलिस अधिकारी का किरदार उन पर आधारित है, जिसे नकारात्मक रूप में दिखाया गया है, जबकि उनसे जुड़ा मूल मामला अभी बॉम्बे हाईकोर्ट में विचाराधीन है।
याचिका में यह भी आरोप है कि सीरीज ने ड्रग्स विरोधी एजेंसियों की छवि को नकारात्मक रूप में पेश कर कानून प्रवर्तन संस्थाओं में जनता के भरोसे को कम करने की कोशिश की है। इसके अलावा, एक किरदार द्वारा ‘सत्यमेव जयते’ का नारा लगाने के बाद अश्लील इशारा दिखाने को राष्ट्रीय प्रतीक का अपमान बताया गया है, जो राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम का उल्लंघन करता है।
वानखेड़े ने आगे कहा कि सीरीज की सामग्री आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं का भी उल्लंघन करती है। इस मामले की सुनवाई अब दिल्ली हाईकोर्ट में होगी।