नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला किया गया। यह हमला मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में उस समय हुआ, जब वह जनसुनवाई कर रही थीं।
घटना की भाजपा नेताओं ने कड़ी निंदा की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया, जबकि पार्टी प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने जानकारी दी कि एक युवक जनसुनवाई में कागज लेकर पहुंचा था। पहले उसने अपशब्द बोले, और फिर अचानक मुख्यमंत्री पर हमला कर दिया।
मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर युवक को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी की उम्र लगभग 35 वर्ष है। बताया जा रहा है कि उसने पहले मुख्यमंत्री को कुछ कागज़ सौंपे, जिसके बाद अचानक वह आक्रामक हो गया और कथित रूप से हमला कर दिया।
फिलहाल, पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।