लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर उठाए गए सवालों पर भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने जवाब दिया है। आयोग ने राहुल गांधी को चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए व्यक्तिगत रूप से मिलने का निमंत्रण दिया है।
आयोग की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “आपके द्वारा एक अखबार में लिखे गए लेख के संदर्भ में यह जानकारी दी जाती है कि नवंबर 2024 में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) द्वारा ऐसे ही मुद्दे उठाए गए थे। आयोग ने 24 दिसंबर 2024 को INC को विस्तृत जवाब भेजा था, जिसकी प्रति ECI की वेबसाइट पर उपलब्ध है।”
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि भारत में सभी चुनाव संसद द्वारा पारित निर्वाचन कानूनों, नियमों और आयोग के निर्देशों के तहत पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ कराए जाते हैं। आयोग ने यह भी बताया कि महाराष्ट्र चुनावों में 1,00,186 बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), 288 निर्वाचक रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO), 139 सामान्य पर्यवेक्षक, 41 पुलिस पर्यवेक्षक, 71 व्यय पर्यवेक्षक और 288 रिटर्निंग ऑफिसर (RO) तैनात किए गए थे। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के 1,08,026 बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी शामिल थे, जिनमें से 28,421 कांग्रेस के प्रतिनिधि थे।
आयोग ने आगे कहा, “हमें विश्वास है कि यदि चुनाव संचालन से संबंधित कोई समस्या रही होगी, तो कांग्रेस उम्मीदवारों द्वारा संबंधित न्यायालय में चुनाव याचिकाएं दाखिल की गई होंगी। फिर भी, यदि आपके पास अभी भी कोई सवाल या चिंता है, तो आप हमें पत्र के माध्यम से सूचित कर सकते हैं। चुनाव आयोग आपसे मुलाकात कर सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है।”
आयोग ने राहुल गांधी से अनुरोध किया है कि वे अपनी सुविधा के अनुसार तिथि और समय ईमेल के माध्यम से आयोग को सूचित करें, ताकि बैठक आयोजित की जा सके।