नई दिल्ली/हमीरपुर: मालेगांव ब्लास्ट मामले में NIA की विशेष अदालत द्वारा सभी आरोपियों को बरी किए जाने के बाद केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने इसे “सत्य की जीत” करार दिया है। उन्होंने कहा कि “हिंदू रक्षक हो सकता है, मगर भक्षक नहीं। हिंदू योद्धा हो सकता है, मगर आतंकी नहीं।”
अनुराग ठाकुर ने कहा, “हम उस सनातन परंपरा के संवाहक हैं जो ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना से ओतप्रोत है। कांग्रेस ने वोटबैंक और तुष्टिकरण की राजनीति के लिए ‘भगवा आतंकवाद’ का झूठा नैरेटिव गढ़ा और देश की बहुसंख्यक जनता की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई।”
उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मालेगांव बम धमाके के आरोपियों को दोषमुक्त कर कोर्ट ने यह स्पष्ट कर दिया है कि “सोनिया गांधी, पी. चिदंबरम और सुशील कुमार शिंदे जैसे नेताओं ने सनातन धर्म को बदनाम करने के लिए सुनियोजित षड्यंत्र रचा था।”
अनुराग ठाकुर ने आगे कहा, “यूपीए सरकार ने 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान भी पाकिस्तान को बचाने के लिए फर्जी नैरेटिव गढ़ने की कोशिश की थी। उन दस वर्षों में कांग्रेस आतंकवाद को राजनीतिक चश्मे से देखती रही और हिंदू विरोधी प्रोपेगेंडा को बढ़ावा देती रही।”
उन्होंने कहा कि कोर्ट का यह फैसला न सिर्फ निर्दोषों को न्याय दिलाने वाला है, बल्कि कांग्रेस और उसके समर्थित इकोसिस्टम के खिलाफ एक सख्त संदेश भी है। ठाकुर ने अंत में कहा, “हिंदू धर्म पवित्र, शांतिप्रिय और निश्चल है… गर्व से कहो – हम हिंदू हैं।”