नई दिल्ली: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने के बाद अब रूस को भी निशाने पर लिया है। ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर भारत और रूस की अर्थव्यवस्थाओं को “पहले से ही खत्म” बताया और कहा कि दोनों देश अगर मिलकर कुछ करते हैं, तो भी कोई फर्क नहीं पड़ता।
ट्रंप ने लिखा, “हमने भारत के साथ बहुत कम व्यापार किया है, क्योंकि उनके टैरिफ दुनिया में सबसे ज्यादा में से एक हैं। वैसे भी रूस और अमेरिका का व्यापार बेहद कम है, और इसे ऐसा ही रहने देना चाहिए।” इस टिप्पणी में ट्रंप ने भारतीय अर्थव्यवस्था को अप्रत्यक्ष रूप से “मरा हुआ” बताया।
इस बीच, कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ट्रंप के इस बयान का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार पर करारा हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उद्योगपति गौतम अडानी की साझेदारी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था बर्बादी की कगार पर पहुंच गई है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा:
“भारतीय अर्थव्यवस्था मर चुकी है। मोदी ने इसे खत्म कर दिया।”
उन्होंने इसके पीछे पांच कारण गिनाए:
- अडानी-मोदी साझेदारी
- नोटबंदी और त्रुटिपूर्ण जीएसटी
- असफल ‘असेम्बल इन इंडिया’
- एमएसएमई सेक्टर का विनाश
- किसानों पर लगातार अत्याचार
राहुल ने यह भी दावा किया कि भारत और अमेरिका के बीच कोई भी व्यापार समझौता होगा तो वह ट्रंप की शर्तों पर ही होगा, और प्रधानमंत्री मोदी वही करेंगे जो अमेरिकी नेतृत्व कहेगा।
ट्रंप के इस बयान और राहुल गांधी की प्रतिक्रिया ने राजनीतिक हलकों में बहस छेड़ दी है। जहां भाजपा की ओर से अभी कोई आधिकारिक जवाब नहीं आया है, वहीं विपक्ष ने इस मुद्दे को मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर सीधा सवाल बताते हुए उसे संसद में उठाने की तैयारी शुरू कर दी है।