नई दिल्ली: रविवार को एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ जीत की हैट्रिक लगाकर खिताब अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी। दूसरी ओर, पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज सईम अयूब इस टूर्नामेंट में एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।
सईम अयूब एशिया कप के टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा 4 बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस सूची में मशरफे मुर्तजा, किंचित शाह, कुसल मेंडिस और दासुन शनाका 3-3 बार शून्य पर आउट होकर संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। अयूब ने पाकिस्तान के लिए 47 टी20 मैचों में 9 बार शून्य पर पवेलियन लौटने का रिकॉर्ड बनाया। पाकिस्तान के लिए इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड उमर अकमल के नाम है, जो 84 मैचों में 10 बार बिना खाता खोले आउट हुए।
गुरुवार को बांग्लादेश के खिलाफ सईम अयूब फिर से खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। एशिया कप 2025 में यह चौथा मौका था, जब वह शून्य पर आउट हुए। टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज में ओमान, भारत और यूएई के खिलाफ लगातार तीन मैचों में अयूब एक भी रन नहीं बना सके। सुपर-4 में भारत के खिलाफ उन्होंने 21 रन और श्रीलंका के खिलाफ 2 रन बनाए, जिससे फैंस को उनकी फॉर्म में सुधार की उम्मीद जगी थी। लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ वह फिर से शून्य पर आउट हो गए।
हालांकि, बल्ले से नाकाम रहने के बावजूद सईम अयूब ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 6 मैचों में 17 ओवर गेंदबाजी करते हुए 102 रन देकर 8 विकेट हासिल किए हैं। अब फाइनल में भारत के खिलाफ उनके प्रदर्शन पर सभी की निगाहें होंगी।