भारत ने पाकिस्तान के नेताओं द्वारा हाल के दिनों में दी जा रही भड़काऊ और उकसाने वाली टिप्पणियों पर सख्त प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर पाकिस्तान की ओर से किसी भी तरह का दुस्साहस किया गया, तो उसे ‘दर्दनाक परिणाम’ भुगतने पड़ेंगे।
गुरुवार को प्रेस वार्ता के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हमने पाकिस्तान के नेताओं की ओर से भारत के खिलाफ की जा रही लापरवाह, युद्ध भड़काने वाली और घृणास्पद टिप्पणियों को देखा है। यह पाकिस्तान के नेताओं की पुरानी आदत है कि वे अपनी आंतरिक विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए भारत विरोधी बयानबाजी करते हैं।”
प्रवक्ता ने पाकिस्तान को संयम बरतने और अपनी भाषा पर नियंत्रण रखने की सलाह दी और दोहराया कि अगर कोई भी दुस्साहस किया गया तो उसके गंभीर परिणाम होंगे। उन्होंने कहा, “हाल के उदाहरणों से पाकिस्तान को यह स्पष्ट हो जाना चाहिए कि भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतेगा।”
भारत का यह बयान पाकिस्तान की ओर से लगातार मिल रही युद्ध की धमकियों और उकसावे भरी टिप्पणियों के जवाब में आया है। विदेश मंत्रालय ने इसे पाकिस्तान की असफल आंतरिक राजनीति और कुप्रशासन से ध्यान हटाने की रणनीति करार दिया है।