नई दिल्ली: लाल किले के पास कार बम विस्फोट के बाद जम्मू-कश्मीर में व्यापक छापेमारी, 600 से अधिक लोग हिरासत में

New Delhi: Massive raids in Jammu and Kashmir after car bomb blast near Red Fort, over 600 people detained

नई दिल्ली। दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के समीप हुए कार बम धमाके ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। सुरक्षा एजेंसियां इस घटना के बाद हाई अलर्ट पर हैं। प्रारंभिक जांच में विस्फोट के तार जम्मू-कश्मीर से जुड़ते नजर आने पर घाटी में बड़े पैमाने पर अभियान छेड़ दिया गया है।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने अब तक 500 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की है तथा करीब 600 लोगों को हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई विशेष रूप से प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी के नेटवर्क को लक्ष्य बनाकर की जा रही है। एजेंसियों को विश्वसनीय इनपुट मिले थे कि जमात-ए-इस्लामी कश्मीर घाटी में एक बार फिर अपना संगठन खड़ा करने की कोशिश में जुटा है, जिसके बाद यह व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार, श्रीनगर, कुलगाम, पुलवामा, शोपियां, बारामूला जैसे अनेक संवेदनशील जिलों में छापेमार कार्रवाई की गई है।

‘डॉक्टर मॉड्यूल’ पर कसा जा रहा शिकंजा
लाल किले के निकट हुए धमाके की जांच के क्रम में सामने आए कथित ‘डॉक्टर मॉड्यूल’ पर भी एजेंसियां सख्ती बरत रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, तीन सरकारी कर्मचारियों सहित लगभग 10 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

अधिकारियों ने खुलासा किया कि अनंतनाग, पुलवामा और कुलगाम जिलों में रात भर चले विशेष ऑपरेशन में कई संदिग्धों को दबोचा गया। दिल्ली में सोमवार को लाल किला क्षेत्र में हुए विस्फोट के बाद घाटी में आतंकी ढांचे और उसके सहयोगी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई को और तेज कर दिया गया है। इस धमाके में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है।

पूछताछ में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि कुछ संदिग्ध पिछले एक वर्ष के दौरान तुर्किये (तुर्की) की यात्रा पर गए थे। विस्फोटकों के बड़े जखीरे की बरामदगी के मामले में डॉक्टरों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, ‘सफेदपोश आतंकी’ मॉड्यूल के तार जुड़ने पर अब तक 200 से अधिक लोगों से गहन पूछताछ की जा चुकी है। यह मॉड्यूल तब उजागर हुआ था, जब इस महीने की शुरुआत में पकड़े गए दो आतंकियों के सहयोगियों ने पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

650 से अधिक ठिकानों पर छापे, उग्रवादी सामग्री जब्त
अधिकारियों के अनुसार, केवल कुलगाम जिले में ही करीब 200 और श्रीनगर में 150 से अधिक स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। कुल मिलाकर 650 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की गई, जिसमें अतिवादी साहित्य और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment