नई दिल्ली: प्रेमानंद महाराज को जान से मारने की धमकी, संत समाज में आक्रोश

New Delhi: Premanand Maharaj gets death threat, anger in saint community

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के सतना जिले के एक युवक द्वारा संत प्रेमानंद महाराज को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस धमकी के बाद संत समाज और प्रेमानंद महाराज के अनुयायियों में गहरा आक्रोश है।

“मैं उसकी गर्दन उतार लेता” – युवक की धमकी
सतना निवासी शत्रुघ्न सिंह ने फेसबुक पर एक पोस्ट के कमेंट में लिखा, *”पूरे समाज की बात है! मेरे घर की बात में बोलता तो प्रेमानंद होता या कोई और, मैं उसकी गर्दन उतार लेता।”* युवक की यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई है। बताया जा रहा है कि उसने अपनी फेसबुक प्रोफाइल में खुद को पत्रकार बताया है।

संत समाज ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी बाबा ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, *”अगर कोई प्रेमानंद बाबा की ओर आंख उठाकर भी देखेगा, तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। जरूरत पड़ी तो हम अपराधियों की गोली अपनी छाती पर झेलने को तैयार हैं।”* उन्होंने आगे कहा कि यह ब्रजभूमि है, यहां किसी भी संत को नुकसान पहुंचाना असंभव है। उन्होंने चेतावनी दी कि अत्याचार करने वालों का अंत कंस जैसा होता है।

वीडियो से उपजा विवाद
हाल ही में प्रेमानंद महाराज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने युवाओं को सलाह दी थी कि वे गलत आचरण और आधुनिक रिश्तों जैसे बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड, ब्रेकअप-पैचअप से दूर रहें। उन्होंने कहा था कि यह प्रवृत्ति युवाओं का जीवन बर्बाद कर रही है। इसी वीडियो पर आपत्ति जताते हुए युवक ने उन्हें धमकी दी।

इस पूरे मामले ने धार्मिक और सामाजिक स्तर पर गंभीर विवाद को जन्म दे दिया है। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment