रांची: झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की तबीयत शनिवार सुबह अचानक खराब हो गई। वे अपने आवास के बाथरूम में गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। जांच के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि उनके दिमाग में खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) जम गया है। इस स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस से जमशेदपुर से दिल्ली के मेदांता अस्पताल भेजा गया है।
इसकी जानकारी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने दी। उन्होंने बताया कि सोरेन को गिरने के तुरंत बाद जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां जांच में ब्लड क्लॉट की पुष्टि हुई।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वह लगातार रामदास सोरेन के परिवार के संपर्क में हैं और उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। चूंकि मंत्री पहले से ही किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं और दिल्ली में उनका इलाज चल रहा था, इसलिए परिवार ने उन्हें वहीं शिफ्ट करने का निर्णय लिया।
रामदास सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता माने जाते हैं और झारखंड आंदोलन में उनकी प्रमुख भूमिका रही है। हाल ही में चंपई सोरेन के बीजेपी में शामिल होने के बाद पार्टी में रामदास सोरेन की भूमिका और भी अहम हो गई थी। उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर से राज्य के राजनीतिक हलकों में चिंता का माहौल है।