नई दिल्ली में संसद भवन के बाहर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उसे “भारत के चुनाव आयोग की तरह काम नहीं कर रहा” बताया और उसकी हालिया टिप्पणियों को “बकवास” करार दिया।
राहुल गांधी ने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर चुनाव आयोग के अधिकारी सोचते हैं कि वे इससे बच निकलेंगे, तो वे गलत हैं। हम उनके पास आएंगे।”
यह बयान उन्होंने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की ‘चुनाव बहिष्कार’ वाली टिप्पणी पर पूछे गए सवाल के जवाब में दिया। हालांकि, राहुल गांधी ने चुनाव बहिष्कार पर सीधा कोई बयान नहीं दिया।
कर्नाटक का उदाहरण देकर लगाया बड़ा आरोप
राहुल गांधी ने मतदाता सूची में हेराफेरी का उदाहरण देते हुए कर्नाटक का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि, “कर्नाटक की एक सीट पर चुनाव आयोग ने जानबूझकर गड़बड़ी करने दी, और हमारे पास इसके 100 प्रतिशत ठोस सबूत हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि एक निर्वाचन क्षेत्र की जांच में पता चला कि हजारों नए मतदाता जोड़े गए, जिनकी उम्र 45, 50 या 60 वर्ष है, जबकि उन्हें 18 साल से ऊपर दिखाया गया है।
राहुल गांधी ने आगे कहा, “वोटरों के नाम हटाए जा रहे हैं, नकली नाम जोड़े जा रहे हैं। यह हर निर्वाचन क्षेत्र में हो रहा है। चुनाव आयोग अपना काम नहीं कर रहा।”
तेजस्वी यादव के बयान पर चुप्पी
इस दौरान राहुल गांधी ने तेजस्वी यादव के एसआईआर प्रक्रिया के विरोध में चुनाव बहिष्कार की टिप्पणी पर कोई टिप्पणी नहीं की। जबकि कांग्रेस बिहार में आरजेडी की सहयोगी पार्टी है।
राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है, और अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि चुनाव आयोग इस पर क्या प्रतिक्रिया देता है।