नई दिल्ली: हरियाणा जमीन घोटाले से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा समन भेजे जाने के बावजूद रॉबर्ट वाड्रा मंगलवार को पूछताछ के लिए एजेंसी के दफ्तर नहीं पहुंचे। उन्होंने ईडी को ईमेल के जरिए सूचित किया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और उन्होंने पूछताछ के लिए नई तारीख की मांग की है।
वाड्रा को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत चल रही जांच में समन किया गया था। इससे पहले भी ईडी इस मामले में उनसे पूछताछ कर चुकी है, जिसमें वाड्रा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया था।
क्या है मामला?
यह केस संजय भंडारी नामक हथियार डीलर से जुड़ा है, जो 2016 में भारत से फरार हो गया था और फिलहाल यूके में रह रहा है। ईडी का आरोप है कि भंडारी, रॉबर्ट वाड्रा का करीबी सहयोगी है। जांच एजेंसी का दावा है कि भंडारी के पास लंदन स्थित 12 ब्रायनस्टन स्क्वायर और 6 ग्रोसवेनर हिल कोर्ट जैसी संपत्तियां हैं, जिन्हें अवैध धन से खरीदा गया।
ईडी का यह भी आरोप है कि इन संपत्तियों के नवीनीकरण और इस्तेमाल में रॉबर्ट वाड्रा की भूमिका रही है। जांच में सामने आया है कि वाड्रा ने सुमित चड्ढा के जरिए लंदन स्थित संपत्ति का नवीनीकरण करवाया और वहां रुके भी थे।
फरीदाबाद में भी जमीन खरीद का आरोप
एजेंसी का यह भी दावा है कि रॉबर्ट वाड्रा और उनके कथित सहयोगी सीसी थंपी ने फरीदाबाद में बड़े पैमाने पर जमीन की खरीद की थी और उनके बीच वित्तीय लेनदेन भी हुए थे।
चार्जशीट में नाम नहीं
हालांकि ईडी ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है, लेकिन अभी तक रॉबर्ट वाड्रा को आरोपी के तौर पर नामित नहीं किया गया है। जांच एजेंसी फिलहाल उनके खिलाफ और साक्ष्य एकत्र करने में जुटी है।
अब देखना यह होगा कि ईडी वाड्रा को अगली पूछताछ के लिए कब बुलाती है और इस हाई-प्रोफाइल केस में आगे क्या रुख अपनाती है।