नई दिल्ली: लोकसभा में हंगामा, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा से पहले विपक्ष ने मचाया शोर

New Delhi: Ruckus in Lok Sabha, opposition created noise before discussion on 'Operation Sindoor'

नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के दौरान सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने बिहार की वोटर लिस्ट को लेकर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। विपक्षी सांसदों के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।

आज का दिन ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के लिए निर्धारित था, लेकिन इससे पहले ही सदन में शोरगुल शुरू हो गया। लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी से अपील की कि वह अपने सांसदों को समझाएं। उन्होंने कहा, “हंगामा करने और तख्तियां दिखाने के लिए उन्हें सदन में नहीं भेजा गया है।”

BJP का कांग्रेस पर हमला
‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम की टिप्पणी को लेकर बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “जब पाकिस्तान और आतंकवाद की बात आती है, तो राहुल गांधी वाली कांग्रेस उससे भी ज़्यादा पाकिस्तान की वकालत करती है। कांग्रेस को आखिर पाकिस्तान का पक्ष क्यों लेना पड़ रहा है? एक पूर्व गृह मंत्री का ऐसा बयान कांग्रेस की मानसिकता को उजागर करता है।”

केंद्रीय मंत्री का पाकिस्तान पर निशाना
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए पाकिस्तान पर जमकर हमला बोला। उन्होंने लिखा, “ऑपरेशन सिंदूर पर आज से चर्चा शुरू… जब रावण ने लक्ष्मण रेखा पार की, तो लंका जल गई। जब पाकिस्तान ने भारत द्वारा खींची गई लाल रेखा पार की, तो आतंकवादी शिविरों को आग का सामना करना पड़ा।” उन्होंने आगे दोहराया, “जब पाकिस्तान ने सीमा लांघी, तो उसे उसका गंभीर खामियाजा भुगतना पड़ा।”

संसद में आज होने वाली ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा अब विपक्ष के रवैये और बयानबाज़ी के कारण गर्माने की संभावना है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment